नई दिल्ली :- पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके के आचार्य निकेतन में स्थित एक फास्ट फूड दुकान से मोमोज खाने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चे समेत कई लोग बीमार पड़ गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
आनंद फास्ट फूड में मोमोज खाने से लोग हुए बीमार
जानकारी के अनुसार, “आनंद फास्ट फूड” से मोमोज खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों और अन्य लोगों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी. स्थिति बिगड़ने, ,सभी अलग अलग अस्पताल गए. एक बच्चे की हालत नाजुक होने के चलते उसे बेहतर इलाज के लिए मैक्स अस्पताल रेफर किया गया है.
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचीं निगम पार्षद
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र की निगम पार्षद रेनू चौधरी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत एमसीडी और पीएचआई विभाग की टीम को बुलाकर दुकान की जांच कराई।
खाद्य सामग्री जब्त , दुकानदार फरार
निरीक्षण के दौरान दुकान में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद सभी खाने-पीने की वस्तुओं को जब्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान दुकानदार मौके से फरार हो गया और बुलाने पर भी उपस्थित नहीं हुआ। इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी गई है।
दोषी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस तरीके की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि खाद्य सामग्री में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
निगम पार्षद ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि बच्चों को बाहर का खाना खाने से बचाएं. यदि बाहर का खाना खाएं भी, तो उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
