नई दिल्ली/एस.के.सिन्हा/एम.खान :- पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में शुक्रवार शाम दिल्ली–मेरठ रैपिड रेल (RRTS) परियोजना से जुड़े कास्टिंग यार्ड में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह घटना गाजीपुर फूल मंडी के पास स्थित निर्माण स्थल पर हुई, जहां बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री और उपकरण रखे हुए थे. आग लगते ही मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और चारों ओर धुआं फैल गया.
दमकल विभाग के अनुसार, शाम के समय आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि साइट पर लोहे के पाइप की कटिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान निकली चिंगारी पास में रखे प्लास्टिक के अस्थायी टॉयलेट में जा गिरी, जिससे आग लग गई. देखते ही देखते आग ने आसपास रखे अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया. झाड़ी होने की वजह से आग तेजी फैल गया.
मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कर्मचारियों के प्रयास से काफी हद तक आग को फैलने से रोक लिया. इसी बीच दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई और समन्वित प्रयासों के जरिए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग के कारण कुछ सामान को नुकसान पहुंचा है, जिसकी आकलन प्रक्रिया जारी है.
घटना के बाद एहतियात के तौर पर कास्टिंग यार्ड में काम कुछ समय के लिए रोक दिया गया और सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी गई है. संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण स्थलों पर फायर सेफ्टी के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
