नई दिल्ली :-
पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा मोड़ के पास अवैध मलबा डालने से रोकना नगर निगम के जोन चेयरमैन को भारी पड़ गया. आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने उन्हें कुचलने की कोशिश की.घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है.
शाहदरा साउथ जोन के चेयरमैन रामकिशोर शर्मा जब अपने जोन कार्यलय से घर की तरफ जा रहें थे, तभी उन्होंने कड़कड़डूमा मोड़ के पास एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से मलबा डालते देखा.उन्होंने चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने ट्रैक्टर तेजी से उनकी ओर बढ़ा दिया. आरोप है कि स्कूटी से पीछा करने पर भी चालक ने टक्कर मारने का प्रयास किया, जिससे चेयरमैन बाल-बाल बच गए.
इसके बावजूद चेयरमैन ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रैक्टर का कई किलोमीटर तक पीछा किया और हसनपुर गांव के पास उसे पकड़ लिया.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर को सीज कर दिया।
चेयरमैन का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध मलबा डंपिंग हो रही है, लेकिन संबंधित विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है.उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार एजेंसियां गंभीरता नहीं दिखा रही हैं.
रामकिशोर शर्मा ने कहा कि इस पूरे खेल में दिल्ली पुलिस और दिल्ली नगर निगम के अधिकारी शामिल है. इन दोनों एजेंसीयों के वजह से ही आज राजधानी दिल्ली के सड़क पर मालवा फेक जा रहे हैं.
रामकिशोर शर्मा ने कहा कि वो डरने वाले नहीं है. अवैध मलवा माफियाओं के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा, उन्होंने उन अधिकारियों को भी चेतावनी दी जिनकी देखरेख में यह पूरा धंधा पनप रहा है.
स्थानीय लोगों ने भी अवैध मलबा फेंकने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे न केवल प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि सड़कों पर खतरा भी बना रहता है.
पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है.
