नई दिल्ली : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी शाहदरा जिला ने विज्ञान लोक स्थित जिला कार्यालय में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान आम, जामुन, अमरूद, नीम सहित कई फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया.
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिला सह-प्रभारी किशन शर्मा, जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, विधायक डॉ. अनिल गोयल, जिला महामंत्री गीता शर्मा और जिला कोषाध्यक्ष हरिओम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना समय की आवश्यकता है.
जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। वहीं विधायक डॉ. अनिल गोयल ने वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से विशेष अवसरों पर पौधे लगाने की अपील की.
जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि भाजपा समाज और राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने हरित और स्वच्छ दिल्ली के निर्माण तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया.
