नई दिल्ली :-
दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात एक न्यायिक अधिकारी ने अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है.
पुलिस को इस संबंध में एक पीसीआर कॉल डीडी नंबर 34 के तहत प्राप्त हुई थी, जिसमें आत्महत्या की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही थाना सफदरजंग एन्क्लेव की टीम मौके पर पहुंची.जांच के दौरान पता चला कि मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा कोर्ट में डीएलएसए (उत्तर पूर्वी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) में सचिव के पद पर तैनात थे.उनकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और वह ग्रीन पार्क मेन स्थित अपने आवास पर रह रहे थे.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मृतक के रिश्तेदार द्वारा दी गई, जो उनके बहनोई बताए जा रहे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, जिसमें व्यक्तिगत, पेशेवर और मानसिक तनाव जैसे संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
इस घटना के बाद न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में भी शोक और चिंता का माहौल है. किसी को इस खबर पर यकीन नहीं हो रहा है. एक युवा अधिकारी का इस तरह अचानक कदम उठाना कई सवाल खड़े कर रहा है. पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
