नई दिल्ली :- पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली वारदात सामने आई है, जहां आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विकास बग्गा से दिनदहाड़े स्नेचिंग कर ली गई. स्कूटी सवार हथियारबंद बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध और पीछा करने पर बदमाश लूटा गया सामान और हथियार छोड़कर भाग निकले.
जानकारी के अनुसार, विकास बग्गा अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटे थे और गली के बाहर खड़े थे. इसी दौरान स्कूटी पर आए बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली.जैसे ही उन्होंने शोर मचाया, बदमाशों ने पिस्टल निकालकर डराने की कोशिश की. मौके पर मौजूद उनके चाचा ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश पर चाबी का गुच्छा फेंका, जिससे पिस्टल उसके हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गई.
घटना के बाद बग्गा ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर बदमाशों का पीछा किया, जो कड़कड़डूमा कोर्ट तक जारी रहा. दबाव बढ़ता देख बदमाश रास्ते में ही छीनी गई चेन फेंककर फरार हो गए. हालांकि इस दौरान बदमाशों नें ईंट और पत्थर भी फेके, उसे चाकू से भी डराने की कोशिश की.बाद में पुलिस ने मौके से चेन और पिस्टल दोनों बरामद कर लिए.
विकास बग्गा ने बताया कि इलाके में हाल ही में एक महिला के साथ भी लूटपाट की घटना हुई थी, जिससे लोगों में डर का माहौल है. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में अपराध लगातार बढ़ रहा है और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रही है.
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.
वहीं क्षेत्र के लोग दिन दहाड़े हुई इस आपराधिक वारदातों को लेकर दहशत में है उनका कहना है कि क्षेत्र में आए दिन आपराधिक वारदातें बढ़ती जा रही है लेकिन पुलिस इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है.
