नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शुक्रवार को शाहदरा दक्षिणी जोन के शकरपुर वार्ड का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ शाहदरा (दक्षिणी) जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उपायुक्त पुंशीबा सिंह सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेना था.
निरीक्षण के दौरान शकरपुर मार्केट के प्रवेश द्वार के पास नालियों की जर्जर और जाम स्थिति सामने आई. अधिकारियों ने बताया कि बरसात के दौरान यहां गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल जाता है, जिससे बदबू और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं. इस पर सत्या शर्मा ने लोक निर्माण विभाग को दोबारा पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान दिल्ली विकास प्राधिकरण की भूमि पर स्थित सीड बेड पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मछली बाजार भी पाया गया. वहां सड़ी-गली मछलियां और मुर्गे रखे होने के कारण आसपास के वातावरण में तेज दुर्गंध फैल रही थी. इस पर सत्या शर्मा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे नियमों का उल्लंघन बताया और क्षेत्रीय अधिकारियों को तुरंत अवैध मछली बाजार बंद कराने तथा स्थान को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए.
मार्केट क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी और दुकानों के अतिक्रमण से लगने वाले जाम पर भी उन्होंने चिंता जताई. लाइसेंसिंग विभाग को अवैध अतिक्रमण हटाने और बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार द्वारा किया गया अतिक्रमण मौके पर ही हटाया गया.
इसके अलावा गोयल ईटिंग प्वाइंट और हनुमान मंदिर के पास खराब नालियों का भी निरीक्षण कर उनके पुनर्निर्माण के निर्देश दिए गए। वहीं शकरपुर मार्केट स्थित संजय पार्क जन रसोई परिसर में प्रस्तावित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के लिए बजट उपलब्ध कराने को कहा गया.
सत्या शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाना और अतिक्रमण हटाकर नागरिक सुविधाओं को सुचारु करना प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें. वहीं
शाहदरा (दक्षिणी)जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा ने कहा कि शकरपुर क्षेत्र में नालियों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण हटाने तथा बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके.
राम किशोर शर्मा ने आगे कहा कि ऐसे निरीक्षण समय-समय पर जारी रहेंगे, जिससे विकास कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा होती रहे और क्षेत्र में मौजूद समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से शकरपुर क्षेत्र की समग्र स्थिति में निश्चित रूप से सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा.
