सीलमपुर में बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या, लूट के दौरान दिया वारदात को अंजाम

Yamunapaar Desk

नई दिल्ली /विवेक :- देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के सीलमपुर इलाके में गुरुवार दोपहर सरेराह हुई हत्या से हड़कंप मच गया। ब्रह्मपुरी पुलिया के पास करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बनारसी दास के रूप में हुई है, जो इलाके में अशोक बैंड की घोड़ी वाले के नाम से जाने जाते थे.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक बनारसी दास अपनी घोड़ी के पैरों में नाल लगवाने के लिए ब्रह्मपुरी इलाके में आए थे. इसी दौरान कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ा और आरोपियों ने बुजुर्ग को काबू में लेकर उनका गला दबा दिया, जिससे वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े.

शुरुआत में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के पीछे लूट की नीयत थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बुजुर्ग को लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी.

घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उन्हें घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.

घायल अवस्था में बुजुर्ग को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

डीसीपी उत्तर-पूर्वी जिला अभिषेक मिश्रा ने बताया कि मामले में हत्या और लूट से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में लूटपाट के दौरान हत्या की पुष्टि हुई है। एक महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. जाएगी.

More From Author

विश्व कैंसर दिवस पर कैलाश दीपक हॉस्पिटल में कैंसर योद्धाओं के साहस और उम्मीद का उत्सव एहसास का हुआ आयोजन

मयूर विहार के स्टार सीटी मॉल की पार्किंग में खड़ी कार में शव मिलने से हड़कंप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *