12 साल के मासूम की हत्या का खुलासा, सौतेले पिता ने पत्नी से विवाद में बच्चे को उतारा मौत के घाट

Yamunapaar Desk

नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में 12 साल के मासूम की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है. थाना शास्त्री पार्क पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी सुलझा ली है. आरोपी की पहचान वाजिद खान उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी डीडीए फ्लैट्स शास्त्री पार्क के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, बीते दिनों शास्त्री पार्क क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से एक बच्चे का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान 12 वर्षीय अल्तमश के रूप में हुई. शव पर धारदार और नुकीले हथियार से किए गए कई वार के गहरे निशान पाए गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच में सामने आया कि अल्तमश स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटा था. परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि देर रात मृतक के भाई अमन को आरोपी वाजिद खान ने फोन कर बच्चे की हत्या की जानकारी दी.

इसके बाद आरोपी ने शव की तस्वीर भी भेजी। सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया.

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश की तो झाड़ियों से बच्चे का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से पेचकस जैसे नुकीले औजार के इस्तेमाल के संकेत भी मिले, जिससे हत्या की बेरहमी का अंदाजा लगाया जा रहा है.

घटना की सूचना पर पुलिस टीम के साथ क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया और शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया.

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतक की मां के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने मासूम बच्चे की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और खुद को बचाने की कोशिश करता रहा.

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस जघन्य अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

 

More From Author

यमुनापार के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 728 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी

विश्व कैंसर दिवस पर कैलाश दीपक हॉस्पिटल में कैंसर योद्धाओं के साहस और उम्मीद का उत्सव एहसास का हुआ आयोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts