नई दिल्ली :- उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. सीलमपुर में हुए गंगवार के बाद अब गोकुलपुरी में रविवार दोपहर एक और हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. बृजपुरी पुलिया के पास एक 47 वर्षीय ऑटो चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान देव शर्मा के रूप में हुई है. जो भगिरथी विहार में परिवार के साथ रहते थे.
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया की रविवार को करीब 3 बजकर 55 मिनट पर गोकुलपुरी थाने में सूचना मिली कि बृजपुरी पुलिया के पास झगड़े के दौरान एक व्यक्ति को चाकू मारा गया है. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची लेकिन तब तक घायल को उसके दोस्तों ने जीटीबी अस्पताल पहुंचा दिया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से फॉरेंसिक टीम ने खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक देव शर्मा इलाके में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. घटना के समय वह कुछ परिचितों के साथ पुलिया के पास खड़े थे, तभी किसी युवक ने उनसे कहासुनी के बाद चाकू से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ जारी है.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में यह हत्या ऐसे समय में हुई है जब कुछ ही दिन पहले सीलमपुर में हुए गंगवार में मिस्बाह नामक युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी, लगातार हो रही वारदातों ने लोगों के मन में भय का माहौल बना दिया है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बदमाशों में पुलिस का ख़ौफ़ खत्म हो गया है अब दिनदहाड़े हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने से भी बदमाश नहीं डरते
गोकुलपुरी पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
