नई दिल्ली :-
पूर्वी दिल्ली की त्रिलोकपुरी विधानसभा में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विधायक रविकांत ने एक नई और अनोखी पहल की है. विधायक रविकांत ने ब्लॉक-1 से ब्लॉक-5 तक घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद किया. इस जन-संवाद कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पूरे अमले के साथ मौके पर मौजूद रहे.
जनता से बातचीत के दौरान सड़क, सीवर, पानी, बिजली और सफाई से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं. खास बात यह रही कि शिकायतों को केवल कागजों में दर्ज नहीं किया गया, बल्कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए गए. विधायक रविकांत ने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का निवारण अब फाइलों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखना चाहिए.
विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य “सरकार जनता के द्वार” को केवल नारा नहीं, बल्कि व्यवहार में उतारना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच भरोसे का यह सेतु तभी मजबूत होगा, जब शिकायतों का समाधान समयबद्ध और प्रभावी तरीके से किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि त्रिलोकपुरी को एक आदर्श विधानसभा बनाना उनका एकमात्र लक्ष्य और संकल्प है.
स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार अधिकारी उनके घर तक पहुंचे और उनकी समस्याएं मौके पर सुनी गईं. लोगों को उम्मीद है कि अब समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होगी.
विधायक रविकांत ने भरोसा दिलाया कि वे 24×7 जनता के साथ खड़े हैं और सेवा, संवेदनशीलता व समाधान ही उनकी कार्यशैली की पहचान है। इस जन-संवाद को क्षेत्र में सुशासन और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
विधायक रविकांत ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में चौतरफा विकास कार्य हो रहा है. त्रिलोकपुरी में भी युद्ध स्तर पर विकास कार्य किया जा रहे हैं.
