नई दिल्ली :- कृष्णा नगर विधानसभा के विधायक डॉ अनिल गोयल ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे गीता कॉलोनी क्षेत्र में छह महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया. लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी इन सड़कों के निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.कार्यक्रम में स्थानीय निगम पार्षद नीमा भगत, भाजपा के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे.
इस मौके पर डॉ अनिल गोयल ने कहा कि गीता कॉलोनी की ये सड़कें पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय से उपेक्षित थीं. ये केवल सड़कें नहीं, बल्कि क्षेत्र की जीवनरेखा हैं. इनके निर्माण से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि पूरे इलाके की तस्वीर बदलेगी.
उन्होंने बताया कि सड़कों के साथ-साथ आधुनिक नालियों का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे जलभराव की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा. धूल-मिट्टी कम होने से प्रदूषण में भी कमी आएगी और सुव्यवस्थित सड़कों से सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा.
डॉ गोयल ने इस विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और ट्रिपल इंजन सरकार का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विकास निधि और विधायक निधि के सहयोग से यह परियोजना संभव हो सकी है. उन्होंने दोहराया कि कृष्णा नगर को समस्याओं से मुक्त कर आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.
स्थानीय निगम पार्षद नीमा भगत ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विधायक और पार्षद मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि गीता कॉलोनी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो रही है और आगे भी सफाई, सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास जारी रहेंगे.
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी विकास कार्य को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. क्षेत्र के निवासी रमेश कुमार ने कहा कि बारिश के दिनों में इन सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाता था, बच्चों और बुजुर्गों को खास दिक्कत होती थी.
अब सड़क और नाली बनने से राहत मिलेगी. वहीं, महिला निवासी सुनीता देवी ने कहा कि वर्षों बाद इलाके में इतना बड़ा काम शुरू हुआ है, इससे घरों के बाहर पानी भरने की समस्या खत्म होगी.
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़कों के सुधरने से कारोबार पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा. कुल मिलाकर गीता कॉलोनी में शुरू हुए इस विकास कार्य को लेकर क्षेत्र में उम्मीद और संतोष का माहौल है.
