नई दिल्ली :- पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में दिनदहाड़े मोबाइल चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.हैरानी की बात यह है कि यह घटना स्थानीय विधायक डॉ. अनिल गोयल के कार्यालय के पास हुई और पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदर नगर निवासी अरविंद गुप्ता शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे नारियल पानी लेने के लिए विधायक कार्यालय के पास पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात एक दोस्त से हो गई और दोनों वहीं खड़े होकर बातचीत करने लगे। अरविंद गुप्ता ने अपना iPhone अपनी पैंट की जेब में रखा हुआ था.
इसी बीच एक शातिर चोर मौके पर पहुंचा और बड़ी ही सफाई से उनकी जेब से मोबाइल निकालकर फरार हो गया.यह पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी. कुछ देर बाद जब उन्होंने अपनी जेब देखी तो मोबाइल गायब था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर कृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें आरोपी की हरकत साफ दिखाई दे रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके में जहां लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी दिल्ली में आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ रही है बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है वह कभी भी अपराधी के वारदातों को अंजाम देने से नहीं डरते. लोगों का कहना है कि इसकी सबसे बड़ी वजह सड़क पर पुलिस की मौजूदगी नहीं होने से हो रही है.
