यमुनापार के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 728 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी

Yamunapaar Desk

नई दिल्ली :-दिल्ली की करीब एक तिहाई आबादी वाले यमुनापार क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए यमुनापार क्षेत्र विकास बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली सचिवालय में आयोजित बोर्ड की बैठक में गुरुवार को लगभग 728 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई.

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि यमुनापार के विकास के लिए बजट की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और जरूरत के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा.

 

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांस-यमुना क्षेत्र का समग्र विकास दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. सरकार का लक्ष्य यमुनापार को इतना विकसित बनाना है कि लोग यहां आना और यहां रहना खुद पसंद करें.

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सड़कों की हालत, जल निकासी, जलभराव की समस्या और सुरक्षित आवागमन जैसी बुनियादी जरूरतों पर फोकस जरूरी है.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में यमुनापार क्षेत्र विकास बोर्ड को लगभग निष्क्रिय कर दिया गया था, जिसके चलते इलाके का विकास ठप पड़ गया और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. अब बोर्ड द्वारा जिन योजनाओं की संस्तुति की गई है, उन सभी को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा.आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए खराब सड़कों, ड्रेनेज और जलभराव की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं.

बैठक में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बोर्ड को दोबारा सक्रिय करना यमुनापार के लिए ऐतिहासिक फैसला है. लंबे समय तक इस क्षेत्र को विकास से वंचित रखा गया, जबकि यहां आबादी और जरूरतें लगातार बढ़ती रहीं.

अब इस असंतुलन को दूर करने के लिए ठोस प्रयास शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में हुआ था, उसी स्तर का विकास अब यमुनापार में भी देखने को मिलेगा.

बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यमुनापार के सभी विधायकों द्वारा दिए गए प्रस्ताव क्षेत्र की तस्वीर बदलने में अहम साबित होंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से यमुनापार के लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में मजबूती से शामिल होगा.

 

More From Author

गीता कॉलोनी में 6 सड़कों के निर्माण कार्य का विधायक डॉ अनिल गोयल ने किया शुभारंभ 

12 साल के मासूम की हत्या का खुलासा, सौतेले पिता ने पत्नी से विवाद में बच्चे को उतारा मौत के घाट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts