पटपड़गंज में जूस की दुकानों का पार्षद रेनू चौधरी नें किया निरीक्षण, नियम नहीं मानने पर सील करने की चेतावनी

Yamunapaar Desk

नई दिल्ली :- पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज क्षेत्र में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा को लेकर निरीक्षण अभियान चलाया गया. इस दौरान दिल्ली नगर निगम की पार्षद रेनू चौधरी ने वार्ड में संचालित जूस की दुकानों का औचक निरीक्षण किया और दुकानदारों को साफ-सफाई तथा पारदर्शिता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए.

निरीक्षण के बाद पार्षद रेनू चौधरी ने बताया कि वार्ड में चल रही सभी जूस की दुकानों की जांच की गई है. इस दौरान दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि जिन फलों से जूस तैयार किया जा रहा है और जिस मशीन से जूस निकाला जा रहा है, वह दुकान के सामने इस तरह रखी जाए कि ग्राहकों को साफ तौर पर दिखाई दे.

उन्होंने कहा कि लोगों का यह अधिकार है कि वे देखें कि वे क्या पी रहे हैं और उनके जूस में क्या मिलाया जा रहा है. इसलिए जूस बनाने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए. साथ ही जूस मशीन और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई बनाए रखना भी अनिवार्य है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह की लापरवाही न हो.

पार्षद ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर फल और जूस मशीन को सामने व स्पष्ट रूप से दिखाई देने योग्य नहीं किया गया, तो संबंधित दुकानों के खिलाफ नियमों के अनुसार सील करने की कार्रवाई की जाएगी.

इसके अलावा जिन दुकानदारों के पास आवश्यक लाइसेंस नहीं है, उनके अवैध ढांचे को हटाने या तोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

पार्षद ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके. क्षेत्र के लोगों ने पार्षद की इस पहल की जमकर प्रशंसा की है.

More From Author

महर्षि वाल्मीकि कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *