नई दिल्ली :- पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार दोपहर शास्त्री पार्क इलाके में पुराने लोहे के पुल के पास बने बाढ़ राहत शिविर का दौरा किया और वहां ठहरे प्रभावित परिवारों से मुलाकात की.
इस दौरान उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां रहने वाले लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खाने-पीने का इंतजाम ठीक से नहीं है, मच्छरों की समस्या बढ़ गई है और लोगों के पास साफ पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा. उन्होंने कहा कि टेंट की सुविधा भी पर्याप्त नहीं है. लोगों के लिए बिस्तर की व्यवस्था नहीं की गई है.
केजरीवाल ने कहा कि राजधानी के तमाम इलाकों में जलभराव हो गया है, क्योंकि बीजेपी सरकार ने नालों की सफाई यानी डीसिल्टिंग समय पर नहीं कराई. उनकी लापरवाही की वजह से सीवर जाम हो गया और उसका पानी गलियों में फैल गया, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं.
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर भारत में भारी बारिश से लाखों लोग प्रभावित हैं और उन्हें तुरंत मदद की जरूरत है. “केंद्र सरकार ने अफगानिस्तान में भूकंप पीड़ितों को राहत भेजी थी,
लेकिन अपने ही देश में लोग परेशान हैं.उत्तर भारत के प्रभावित इलाकों में भी राहत पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपील की कि दिल्ली और आसपास के प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम जनता को संकट से उबारा जा सके.
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ बुराड़ी विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक झा और स्थानीय आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कई बाढ़ पीड़ितों को गले लगाया. अपने बीच अरविंद केजरीवाल को पकड़ कई बाढ़ पीड़ित खुश नजर आए, कई लोग सेल्फी लेते भी दिखे
